महाराष्ट्र में सियासी घमासान एक संजय का दूसरे संजय पर राजनैतिक प्रहार

0
Sanjay And Sanjay Raut

मुंबई(एजेंसी)। महाराष्ट्र की सियासत में शनिवार को तब हलचल मच गई जब शिवसेना (ठाकरे गुट) के सांसद संजय राउत ने मंत्री संजय शिरसाट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। इस वीडियो में शिरसाट एक कमरे में बैठे नजर आ रहे हैं और पास ही रखे बैग में नोटों के बंडल दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होते ही संजय शिरसाट भड़क उठे और संजय राउत पर मानहानि का मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी देते नजर आए। जानकारी अनुसार इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब आयकर विभाग ने सामाजिक न्याय मंत्री और शिंदे गुट के विधायक संजय शिरसाट को संपत्ति में गड़बड़ी को लेकर नोटिस भेजा। उन्होंने संभाजीनगर के एक सार्वजनिक कार्यक्रम में यह खुलासा किया। आयकर विभाग ने उनसे चुनावी हलफनामे में घोषित संपत्ति को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है। बताया जा रहा है कि यह नोटिस संभाजीनगर स्थित एक होटल मामले से जुड़ा है। क्या है वीडियो में संजय राउत द्वारा साझा किए गए वीडियो फुटेज में शिरसाट अपने बेडरूम में बनियान पहने बैठे नजर आ रहे हैं, और पास में रखे बैग में नोटों के बंडल दिखाई दे रहे हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शिरसाट ने कहा, राउत को हर जगह सिर्फ पैसे ही दिखाई देते हैं। वह वीडियो मॉर्फ किया गया है, जिससे मेरी छवि खराब हो। मैं कहीं से यात्रा कर लौटा था, कपड़ों के बैग फैले हुए थे। शिरसाट ने कहा कि यह उनके चरित्र पर हमला है और वे इस वीडियो को लेकर कानूनी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने संजय राउत को आज ही नोटिस भेजने की बात कही और चेतावनी दी कि माफी नहीं मांगी गई तो आपराधिक केस दर्ज किया जाएगा। ‘अब उनके बंगले की पार्टी के वीडियो भी दिखाऊंगा’ इसके साथ ही शिरसाट ने कहा, कि राउत की कोई इज्जत नहीं है। वह हर सुबह शोर मचाते हैं। अगर मेरे बेडरूम का वीडियो बनाते हैं, तो क्या शर्म नहीं आती? अब मुझे उनके सरकारी बंगले में होने वाली पार्टियों के वीडियो भी दिखाने पड़ेंगे। इसके अलावा शिरसाट ने स्वप्ना पाटकर से जुड़े विवाद का भी हवाला दिया और कहा कि राउत का असली चेहरा लोगों के सामने आना चाहिए। राजनीतिक तकरार और तेज इस ताजा विवाद से महाराष्ट्र की राजनीति और गरमा गई है। जहां एक ओर शिंदे गुट के नेता राउत पर निजता और चरित्रहनन का आरोप लगा रहे हैं, वहीं राउत ने अब तक इस विवाद पर कोई सफाई नहीं दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *