आमिर खान ने तीसरी शादी को कन्फर्म किया:5 जुलाई को गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट से घर पर प्राइवेट सेरेमनी में करेंगे शादी
बॉलीवुड एक्टर आमिर खान ने गुरुवार को पब्लिकली कन्फर्म किया कि वो तीसरी शादी करेंगे। आमिर 5 जुलाई को गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट से शादी करेंगे। उन्होंने यह बात मुंबई के एक इवेंट के दौरान मीडिया से बातचीत में कही। आमिर ने बताया कि शादी बहुत ही प्राइवेट होगी। यह शादी उनके घर पर होगी। इसमें सिर्फ दोनों परिवारों के लोग और कुछ करीबी दोस्त शामिल होंगे। उन्होंने सभी से आशीर्वाद और शुभकामनाएं भी मांगीं। इस मौके पर उनके बेटे जुनैद खान भी साथ मौजूद थे।
आमिर ने पहली शादी साल 1986 में फिल्म प्रोड्यूसर रीना दत्ता से की थी। साल 2002 में रीना से अलग होने के बाद आमिर ने साल 2005 में डायरेक्टर किरण राव से दूसरी शादी की। साल 2021 में किरण और आमिर का तलाक हो गया। सैलून एंटरप्रेन्योर और फैशन प्रोफेशनल हैं गौरी स्प्रैट आमिर ने साल 2025 में अपने 60वें जन्मदिन पर गौरी के साथ अपने रिलेशनशिप को पब्लिक किया था। गौरी बेंगलुरु की रहने वाली एक सैलून एंटरप्रेन्योर और फैशन प्रोफेशनल हैं। उनके पिता तमिल-ब्रिटिश मूल के और मां पंजाबी-आयरिश मूल की हैं। गौरी 1920 के दशक में भारत के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े ब्रिटिश कम्युनिस्ट फिलिप स्प्रैट की पोती हैं। आमिर की तरह गौरी भी पहले शादीशुदा रही हैं और उनका एक 7 साल का बच्चा है। गौरी और उनका बच्चा पिछले दो साल से मुंबई में साथ रह रहे हैं। आमिर और गौरी एक-दूसरे को पिछले 25 सालों से जानते हैं। दोनों पहले काफी अच्छे दोस्त थे, जिसके बाद उन्होंने एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया। जब से आमिर और गौरी ने अपने रिश्ते को ऑफिशियल किया है, तब से गौरी को अक्सर आमिर के साथ अलग-अलग इवेंट्स और मौकों पर साथ देखा जाता है। गौरी के आने से खुद को पूरा मानते हैं आमिर
मई 2026 में NBT को दिए इंटरव्यू में आमिर ने गौरी के साथ अपने रिश्ते को लेकर कहा था, ‘मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि मुझे गौरी मिलीं और हमारा रिश्ता शुरू हुआ। वह बेहतरीन हैं और उनके साथ मुझे बहुत शांति मिलती है। हालांकि रीना दत्ता और किरण राव के साथ भी मेरा रिश्ता बहुत गहरा था, लेकिन चीजें आगे नहीं बढ़ पाईं। मैं खुद को खुशनसीब मानता हूं कि गौरी मेरी जिंदगी में आईं। मुझे लगता है, अब जाकर मैं मुकम्मल हुआ हूं।’ 2002 में हुआ था पहला तलाक आमिर ने अपनी पहली शादी साल 1986 में रीना दत्ता से की थी। यह एक लव मैरिज थी जो करीब 16 सालों तक चली। दोनों के दो बच्चे, जुनैद खान और इरा खान हैं। साल 2002 में दोनों कानूनी तौर पर अलग हो गए। किरण राव से दूसरा रिश्ता फिर सहमति से अलग हुए रीना दत्ता से तलाक के बाद आमिर खान की जिंदगी में डायरेक्टर किरण राव आईं। साल 2005 में दोनों की शादी हुई। इस शादी से उनका एक बेटा आजाद है, जिसका जन्म IVF से हुआ। शादी के 15 साल बाद, जुलाई 2021 में आमिर और किरण ने तलाक की घोषणा की थी। अपने साझा बयान में उन्होंने इसे एक सोची-समझी प्लानिंग के तहत लिया गया फैसला बताया था। आमिर के मुताबिक, समय के साथ पति-पत्नी के रूप में उनके रिश्ते का तालमेल बदल गया था। हालांकि, तलाक के बाद भी दोनों के बीच सम्मान और दोस्ती बरकरार है। वे आज भी अपने बेटे की मिलकर परवरिश कर रहे हैं और पानी फाउंडेशन समेत कई फिल्मी प्रोजेक्ट्स पर साथ काम करते हैं। ————————————- आमिर से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें आमिर खान @61, शूटिंग के समय घड़ी नहीं देखते:मोबाइल के जमाने में लंबे समय तक पेजर यूज किया, तकनीक से ज्यादा काम पर फोकस बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट कहे जाने वाले आमिर खान ने करीब चार दशक लंबे करियर में उन्होंने सिर्फ हिट फिल्में ही नहीं दीं, बल्कि अभिनय और कहानी कहने के तरीके को भी नई दिशा दी है। पूरी खबर पढ़ें
