पंजाबी सिंगर के घर ताबड़तोड़ फायरिंग:बाइक पर आए हमलावर, 2 ने गोलियां चलाईं, तीसरे ने VIDEO बनाई; गैंगस्टर डोनी बल ने जिम्मेदारी ली
बरनाला के गांव फरवाही में पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के पैतृक घर पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें बाइक पर 3 युवक घर के पास आते दिखाई दे रहे हैं। घर के बाहर पहुंचते ही युवकों ने बाइक रोकी। इसके बाद बीच में बैठे युवक ने पिस्टल लोड कर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। उसके पीछे बैठे युवक ने भी फायरिंग की। जबकि बाइक चला रहे तीसरे युवक ने वीडियो बनाई। इसके बाद तीनों युवक करीब 8 राउंड फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। इस दौरान किसी को चोट नहीं आई। हालांकि, गोलियां घर के गेट पर लगी हैं। कुछ समय पहले गुलाब सिद्धू को कुछ लोगों ने फिरौती और जान से मारने की धमकियां भी दी थीं। इधर, गैंगस्टर डोनी बल का एक ऑडियो सामने आया है, जिसमें उसने गुलाब सिद्धू के घर पर गोलियां चलवाने की बात कही है। हालांकि दैनिक भास्कर इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। फायरिंग के बाद की 2 PHOTOS…. प्रोग्राम के सिलसिले में विदेश गए सिद्धू घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच हुई। वारदात के समय सिंगर गुलाब सिद्धू घर पर मौजूद नहीं थे। परिवार के मुताबिक, वह इन दिनों म्यूजिकल शो और प्रोग्राम के सिलसिले में विदेश गए हुए हैं। जनवरी में हमले की कोशिश हुई थी 10 जनवरी 2026 को बरनाला पुलिस ने सिंगर गुलाब सिद्धू पर हमले की कोशिश के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसमें मुख्य साजिशकर्ता कोटदूना गांव का सरपंच बलजिंदर सिंह (किंदा) था। आरोपी गुलाब सिद्धू के गाने ‘सरपंचियां’ के बोलों से नाराज था। उसने सिंगर को सोशल मीडिया पर धमकी भी दी थी। आरोपी एक लाइव शो के दौरान घात लगाकर हमला करने की फिराक में थे। उनका मकसद पंजाब में खौफ पैदा कर बाद में फिरौती वसूलना था। गुलाब सिद्धू को दो सुरक्षाकर्मी मिले सिंगर गुलाब सिद्धू दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के बेहद करीबी दोस्तों में से एक हैं। मई 2022 में सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद से ही पंजाब के कई सिंगरों की सुरक्षा की समीक्षा की गई थी। गुलाब सिद्धू को पिछले काफी समय से लगातार फिरौती के फोन आ रहे थे और जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। इन लगातार मिल रही धमकियों और इनपुट के आधार पर पंजाब पुलिस ने उन्हें दो सुरक्षाकर्मी मुहैया कराए गए हैं, जो उनकी सुरक्षा में तैनात रहते हैं। मामले की जांच कर रही पुलिस घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने फायरिंग की पुष्टि की। हालांकि, आसपास के रास्तों और गांव के मुख्य मार्गों पर लगे कैमरों की बारीकी से जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि मामले की हर पहलू से गहराई से जांच की जा रही है और फॉरेंसिक सबूत जुटाकर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। *********** ये खबर भी पढ़ें: पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू बोले- मेरा जुलूस निकाला: मिल रही जान से मारने की धमकी, यूरोप टूर में बोले – किसी से मिलता तक नहीं हूं
पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। यह बात किसी और ने नहीं बल्कि गुलाब सिद्धू ने यूरोप टूर के दौरान अपने शो में कही। उन्होंने कहा कि इस चक्कर में वह किसी से मिलते तक नहीं हैं। इस कारण से लोग उनसे गुस्सा हो जाते हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
