‘मुझे वहां काम करने की याद नहीं आती’:भारत में बैन होने को लेकर पाकिस्तानी सिंगर आतिफ असलम बोले- लोग VPN से गाने सुनते हैं
पाकिस्तानी सिंगर आतिफ असलम ने भारत में लगे बैन पर बात करते हुए कहा कि लोग वीपीएन के जरिए उनका संगीत सुनते हैं और वो अपने फैंस को मिस करते हैं। यह बात उन्होंने रेडियो प्रेजेंटर क्रिस फेड के यूट्यूब चैनल पर बातचीत में कही। बातचीत में आतिफ असलम ने कहा, “मुझे भारत में बैन हुए लगभग 10 साल हो गए हैं। यह भारतीय सरकार का फैसला था। उन्होंने पाकिस्तान के कलाकारों को बैन करने का फैसला किया। भारतीय कलाकार भी पाकिस्तान में बैन हैं। पिछले 10 साल से। मैंने वहां कोई गाना रिलीज नहीं किया है।” उन्होंने भारतीय फैंस के लगातार अपने संगीत को सुनने का जिक्र करते हुए कहा कि लोग वीपीएन के जरिए उनका संगीत सुनते हैं और सीडी बनाकर दूसरों को देते हैं। उन्होंने कहा कि वह पाइरेसी को बढ़ावा नहीं देते, लेकिन संगीत जहां पहुंचना होता है, वहां पहुंच जाता है। मेरे पहले सिंगल के साथ भी ऐसा ही हुआ था। आतिफ ने भारतीय फैंस को उदास नहीं होने कहा भारतीय फैंस के लिए आतिफ ने कहा, “हां, इसे लेकर बुरा मत महसूस करो। उदास मत हो। मैं हमेशा से आप लोगों से कहना चाहता था कि मुझे आप लोगों की याद आती है। मुझे वहां काम करने की याद नहीं आती, लेकिन आप लोगों की याद आती है।” आतिफ ने आगे कहा कि मैंने प्लेबैक सिंगिंग से बहुत कुछ सीखा है। अगर यह बैन नहीं हुआ होता, तो शायद मैं अपना खुद का म्यूजिक नहीं बना पाता। इसलिए इसके लिए भी मैं आप लोगों का शुक्रिया अदा करता हूं। पाकिस्तानी कलाकारों पर क्यों लगा था बैन सितंबर 2016 में उरी आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था। इसी दौरान IMPPA ने अपने निर्माता सदस्यों को भारत-पाकिस्तान के रिश्ते सामान्य होने तक पाकिस्तानी कलाकारों और तकनीशियनों को काम न देने का निर्देश दिया था। फरवरी 2019 में पुलवामा आतंकी हमले के कुछ दिनों बाद ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने भी भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में पाकिस्तानी एक्टर्स और कलाकारों पर पूरी तरह बैन की घोषणा की थी। इस हमले में 40 CRPF जवानों की जान गई थी। 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ा। इसके बाद भारत सरकार ने पाकिस्तानी फिल्मों, वेब सीरीज, गानों और पॉडकास्ट पर रोक लगा दी। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने IT एक्ट 2021 के तहत OTT और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म्स से पाकिस्तानी कंटेंट हटाने का आदेश दिया। इसके अलावा कई पाकिस्तानी कलाकारों के सोशल मीडिया अकाउंट्स भी भारत में अस्थायी रूप से ब्लॉक किए गए। इनमें माहिरा खान और हानिया आमिर जैसे कलाकार शामिल थे। भारत में आतिफ असलम के लोकप्रिय गाने आतिफ असलम भारत में म्यूजिक लिसनर्स के बीच लोकप्रिय रहे हैं। उन्हें भारत में पहचान गाने ‘आदत’ से मिली, जो 2005 की फिल्म ‘कलयुग’ में शामिल था। इसके बाद ‘जहर’ के ‘वो लम्हे’ समेत उनके कई गाने फेमस हुए। आतिफ ने कई चर्चित हिंदी फिल्मी गानों को अपनी आवाज दी है। इनमें ‘तेरे बिन’, ‘पहली नजर में’, ‘तेरा होने लगा हूं’, ‘तू जाने ना’, ‘जीने लगा हूं’, ‘बी इंतहां’, ‘जीना जीना’ और ‘तेरे संग यारा’ शामिल हैं। ——————– आतिफ असलम से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… आतिफ असलम को रोकना पड़ा लाइव कॉन्सर्ट:महिला फैन सेल्फी लेने स्टेज पर चढ़ी; जाने से किया मना, सिक्योरिटी को देना पड़ा दखल मई के महीने में आतिफ असलम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वो कराची के डीएचए स्पोर्ट्स क्लब (मोइन खान एकेडमी) में परफॉर्म करने पहुंचे थे। कॉन्सर्ट के दौरान एक फैन उनके साथ सेल्फी लेने के लिए स्टेज पर चढ़ गई थी। पूरी खबर यहां पढ़ें…
