रांची में छात्र-पुलिस में हिंसक झड़प, 15 नामजद 300 पर FIR दर्ज

0
Ranchi Student Protest

 रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्र और छात्र नेताओं के खिलाफ रांची पुलिस ने कार्रवाई की है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने के दौरान पुलिस और आंदोलनकारी छात्रों के बीच हुई हिंसक झड़प के मामले में कोतवाली थाना में तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। इन मामलों में कुल 15 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि करीब 300 अन्य लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें कई अज्ञात लोग भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पूरा मामला जेपीएससी-जेएसएससी रिफार्म मंच के बैनर तले आयोजित मुख्यमंत्री के पुतला दहन कार्यक्रम से जुड़ा है। शुक्रवार को जेपीएससी-जेएसएससी रिफार्म मंच से जुड़े छात्र और छात्र नेता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने के लिए अल्बर्ट एक्का चौक के समीप जुटे थे। इसी दौरान जब आंदोलनकारियों ने पुतला फूंकने का प्रयास किया, तो वहां तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोकने की कोशिश की। बताया गया कि इस दौरान पुलिस और आंदोलनकारी छात्रों के बीच तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और झड़प में बदल गई। पुलिस का आरोप है कि आंदोलनकारियों ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ उलझ गए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *