राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में नहीं शामिल हो रहीं प्रियंका

0

नई दिल्ली(एजेंसी)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के चंदौली पहुंच रही है। यहां से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को न्याय यात्रा में शामिल होना था, लेकिन वो इसमें शरीक नहीं हो रहीं हैं। यात्रा में शामिल नहीं होने के पीछे प्रियंका गांधी का स्वास्थ्य खराब होना बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि तबीयत ठीक होते ही प्रियंका यात्रा में शामिल होंगी। गौरतलब है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस पार्टी मणिपुर से मुंबई तक भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकालने में व्यस्त चल रही है। इसी तारतम्य में आज यात्रा को बिहार से यूपी में प्रवेश करते हुए चंदौली पहुंचना है, जहां प्रियंका भी शामिल होने वाली थीं। इसी बीच खबर आई कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का स्वास्थ्य सही नहीं है, इसलिए आज शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के चंदौली में भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल नहीं हो रही हैं। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने उन खबरों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश में यात्रा की अवधि में कटौती नहीं की गई है। यह आठ दिनों के लिए 16 से 21 फरवरी तक और फिर 24 से 25 फरवरी तक उत्तर प्रदेश में रहेगी। उन्होंने कहा, कि 22 और 23 फरवरी को यात्रा के लिए विश्राम का दिन रहेगा, इसके बाद 24 और 25 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में यात्रा फिर से प्रारंभ की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *