3 इडियट्स के ‘चतुर’ बोले-नहीं चाहता फुंसुख वांगडू मर जाएं:जीनत अमान ने कहा- अपने अच्छे दिमाग को चुपचाप मरते हुए मत देखिए

0
3 इडियट्स के 'चतुर' बोले-नहीं चाहता फुंसुख वांगडू मर जाएं:जीनत अमान ने कहा- अपने अच्छे दिमाग को चुपचाप मरते हुए मत देखिए

लद्दाख के एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का आज यानी 14 जुलाई को 17वां दिन है। NEET पेपर लीक मुद्दे पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) जंतर-मंतर पर 20 जून से प्रदर्शन कर रही है। इसी में वांगचुक भी अनशन पर बैठे हैं। वांगचुक की हड़ताल को लेकर बॉलीवुड के लोग उनके समर्थन में आए हैं। ‘3 इडियट्स’ में चतुर रामलिंगम का किरदार निभा चुके ओमी वैद्य ने कहा, ‘ मैं नहीं चाहता कि यह इंसान मर जाए। मेरे लिए वह एक प्रेरणादायक व्यक्ति हैं। मैं चाहता हूं कि वह सुरक्षित रहें और जिंदा रहें।’ वहीं, एक्ट्रेस जीनत अमान ने एक पोस्ट में लिखा कि मैं वांगचुक की मांगों का सम्मान करती हूं। मेरी भारत सरकार से अपील है कि इस मुद्दे पर उनसे बातचीत करें। यह भारत के भविष्य से जुड़ा है। ओमी ने वीडियो जारी कर लोगों से ध्यान देने की अपील की ओमी वैद्य ने एक वीडियो मैसेज जारी कर कहा कि आज मैं आपसे एक जरूरी बात करना चाहता हूं। मैं अक्सर ऐसे वीडियो नहीं बनाता, इसलिए मेरी बात ध्यान से सुनिए। क्या आपको पता है कि 3 इडियट्स में आमिर खान का किरदार फुंसुख वांगडू असल जिंदगी के लद्दाख के इंजीनियर, इनोवेटर, शिक्षक और समाज सुधारक सोनम वांगचुक से प्रेरित था? ओमी ने आगे कहा, मैं उनसे मिल चुका हूं। वह बहुत ही दिलचस्प और सादगी पसंद इंसान हैं। उन्होंने अपनी जिंदगी में कई बेहतरीन काम किए हैं। इसलिए मैं आपसे कहूंगा कि उनके बारे में जानिए और देखिए कि इस समय वह क्या कर रहे हैं। फिलहाल सोनम वांगचुक लंबे समय से भूख हड़ताल पर हैं। कई हफ्ते बीत चुके हैं और उनका ब्लड शुगर काफी कम हो गया है। मुझे नहीं पता कि आपने इसके बारे में सुना है या नहीं, या मीडिया इस पर कितनी खबर दिखा रहा है, लेकिन यह बहुत गंभीर मामला है। वह भूख हड़ताल क्यों कर रहे हैं? क्योंकि उन्हें भारत की शिक्षा व्यवस्था, लद्दाख से जुड़े कुछ मुद्दों और पर्यावरण की चिंता है। आप उनकी बात से सहमत हों या नहीं, लेकिन मैं इतना जरूर कहना चाहता हूं कि मैं नहीं चाहता कि यह इंसान मर जाए। मेरे लिए वह एक प्रेरणादायक व्यक्ति हैं और मैं चाहता हूं कि वह सुरक्षित रहें और जिंदा रहें।
एक्टर ने लोगों से अपील करते हुए कहा, हम सब आम लोग हैं और अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में बहुत व्यस्त रहते हैं। कई बार हमारे पास ऐसे मुद्दों पर ध्यान देने का समय नहीं होता, लेकिन अगर आप थोड़ा समय निकालकर इस मामले को समझेंगे, तो हो सकता है कि आपको भी उनकी कुछ बातें सही लगें। शायद आप, आपके परिवार या आपके दोस्तों ने भी ऐसी समस्याओं का सामना किया हो। इसलिए मैं आपसे बस इतना कहना चाहता हूं कि कुछ मिनट रुकिए। अपने काम या घर की जिम्मेदारियों से थोड़ा समय निकालिए और देखिए कि इस समय क्या हो रहा है। मुझे लगता है कि यह जानना बहुत जरूरी है। क्योंकि मैं नहीं चाहता कि फुंसुख वांगडू मर जाए, और मुझे लगता है कि आप भी ऐसा नहीं चाहेंगे। ओमी बोले- जनप्रतिनिधियों या सरकार तक बात पहुंचाइए ओमी ने आगे कहा, हम सब मिलकर जो कर सकते हैं, वह करें। इस मैसेज को सोशल मीडिया पर शेयर करें, रीपोस्ट करें और इंस्टाग्राम पर भी लोगों तक पहुंचाएं। अगर आपको सच में इस मुद्दे की चिंता है, तो अपने स्थानीय जनप्रतिनिधियों या सरकार के जिम्मेदार अधिकारियों तक भी अपनी बात पहुंचाइए और उनसे इस मामले में कार्रवाई की मांग कीजिए। सोनम वांगचुक और उनसे जुड़े ये मुद्दे बहुत महत्वपूर्ण हैं। मुझे लगता है कि इन पर ध्यान दिया जाना चाहिए और उम्मीद है कि आप भी ऐसा ही सोचेंगे। जीनत अमान की वांगचुक के समर्थन में अपील एक्ट्रेस जीनत अमान ने इंस्टाग्राम पर सोनम वांगचुक को लेकर लिखा, ‘मैंने एक न्यूज आर्टिकल में पढ़ा कि वांगचुक की मांसपेशियां कमजोर होने लगी हैं और वे अत्यधिक दर्द में हैं। जब उनसे अनशन खत्म करने के लिए कहा गया, तो उन्होंने जवाब दिया, ‘मुझसे मेरा अनशन खत्म करने के लिए मत कहिए। सरकार से पूछिए कि वह बातचीत तक क्यों नहीं कर रही।’ एक्ट्रेस ने आगे लिखा, ‘सभी हिसाब से, वांगचुक एक टैलेंटेड और डेडिकेटेड इंसान हैं, जिन्हें समाज पर उनके असर के लिए दुनियाभर में कई जाने-माने अवॉर्ड्स से सम्मानित किया गया है। वांगचुक की इच्छा का सम्मान करते हुए, मैं भारत सरकार से इस मुद्दे पर बातचीत शुरू करने की अपील करती हूं, जो पूरे भारत के भविष्य से जुड़ा है। हमें ऐसा समाज नहीं बनना चाहिए, जो चुपचाप बैठकर अपने सबसे अच्छे दिमागों में से एक को बलिदान होते हुए देखता रहे।’ वहीं, सोनम वांगचुक के समर्थन में एक्ट्रेस अभय देओल और एक्ट्रेस श्रेया धनवंतरी भी सामने आए हैं। अभय देओल ने सोशल मीडिया पर टूटे हुए दिल (ब्रोकन हार्ट) की इमोजी के साथ सोनम वांगचुक की तस्वीर शेयर की। वहीं, श्रेया धनवंतरी ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘मुझे यह कहते हुए अच्छा नहीं लग रहा, लेकिन कृपया अपना अनशन खत्म करने पर विचार कीजिए। सोनम वांगचुक एक ऐसी सरकार के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज करा रहे हैं, जिसने बहुत कम या लगभग कोई नैतिक संवेदनशीलता नहीं दिखाई है। सर, एक उदासीन व्यवस्था के साथ तर्क करना मुश्किल है।’ प्रकाश राज जंतर-मंतर पहुंचे थे इससे पहले एक्टर प्रकाश राज जंतर-मंतर पहुंचकर सोनम वांगचुक के आंदोलन के समर्थन में शामिल हुए थे। 11 जुलाई 2026 को वह सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल के 14वें दिन प्रदर्शन में शामिल हुए थे। एक्टर ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के मंच से छात्रों को संबोधित करते हुए कहा था, ‘वे कहते हैं कि यह सोशल मीडिया से चलने वाला आंदोलन है। अरे, आप भी वॉट्सएप यूनिवर्सिटी और सोशल मीडिया के जरिए ही (सत्ता में) आए हैं। आपके पास एक ऐसा हथियार था, जो तब हमारे पास नहीं था, लेकिन अब वह हथियार हमारे पास भी है।’ 28 जून से भूख हड़ताल पर बैठे हैं सोनम वांगचुक दिल्ली के जंतर-मंतर पर 28 जून 2026 से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। वह देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षाओं में कथित धांधली (जैसे NEET परीक्षा विवाद) और पेपर लीक मामलों के खिलाफ ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और परीक्षा प्रणाली में पूरी जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने देश के नागरिकों से इस मुद्दे पर एकजुट होने और आगामी 20 जुलाई को प्रस्तावित ‘संसद मार्च’ में शामिल होने की अपील की है। ………….. यह खबर भी पढ़ें…. बॉलीवुड एक्टर्स का कॉकरोच जनता पार्टी को समर्थन:ऋचा चड्ढा बोलीं- मैं आपके साथ; अतुल कुलकर्णी ने मांगी माफी, कहा- हमारी पीढ़ी से गलतियां हुईं पेपर लीक और परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ जंतर-मंतर पर 6 जून को हुए CJP के आंदोलन को कई बॉलीवुड सेलेब्स का समर्थन मिला था। बॉलीवुड एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से पोस्ट कर कॉकरोच जनता पार्टी को खुलकर सपोर्ट किया था। पूरी खबर यहां पढें…

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *