सुलतानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बढ़ौली गांव के पास शनिवार दोपहर विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सवारी लेकर जा रही अर्टिगा में घुस गई। घटना में दोनों गाड़ियों पर सवार कुल नौ लोगों को चोटें आई। पुलिस ने सभी को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहां बिहार के रहने वाले दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि सात अन्य की हालत नाजुक है। अर्टिगा गाड़ी आजमगढ़ की ओर से सवारियों को लेकर लखनऊ आ रही थी। माइलस्टोन 162.7 के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट सामने से उसमें घुस गई। हादसे में दोनों वाहनों पर सवार कुल नौ लोगों को गंभीर चोटें आई। घटना के बाद सड़क पर यातायात बाधित हो गया। आसपास के लोगों ने सूचना पुलिस और यूपीडा कर्मियों को दी। एम्बुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने बिहार के पश्चिमी चंपारण स्थित सेमरा के जीतपुर मटियावा निवासी 35 वर्षीय अजय गुप्ता और इसी जिले के नारायणपुर के नरईपुर निवासी 60 वर्षीय श्याम बिहारी सिंह को मृत घोषित कर दिया।
