हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में दुर्गा विसर्जन जुलूस के दौरान एक संवेदनशील मामला सामने आने के बाद देर रात भारी तनाव फैल गया। आरोप है कि मदानपेट पुलिस स्टेशन के इलाके में संतोष नगर होटल लेन के पास एक जुलूस के दौरान दुर्गा माता की प्रतिमा पर कुछ लोगों ने अंडे फेंके। इस घटना के विरोध में हिंदू संगठनों ने जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें रात में डायल 100 पर एक कॉल मिली थी, जिसमें यह सूचना दी गई कि संतोष नगर होटल लाइन के पास विसर्जन जुलूस के दौरान कुछ उपद्रवियों ने दुर्गा माता की प्रतिमा पर अंडे फेंके हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला संभाला। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर कुछ संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
