यूपी सिपाही भर्ती- महिलाओं के जूड़े खुलवाए, चेन-चश्मे उतरवाए:दाढ़ी की भी चेकिंग, 32 हजार पदों के लिए 28 लाख देंगे एग्जाम
यूपी में 32,679 पदों के लिए सिपाही भर्ती की परीक्षा आज (सोमवार) हो रही है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू हुई, जो दोपहर 12 बजे तक चली। इससे पहले, अभ्यर्थियों को कड़ी चेकिंग के बाद एग्जाम हॉल में एंट्री दी गई। एडमिट कार्ड, बायोमेट्रिक मिलान और रेटिना स्कैन किया गया। झांसी में अभ्यर्थियों के जूते-मोजे उतरवाए गए। सहारनपुर में सोने की चेन और चश्मे भी उतरवा लिए गए। जौनपुर में महिलाओं के जूड़े खुलवाकर चेकिंग की गई। कानपुर में जिन अभ्यर्थियों की दाढ़ी और सिर के बाल बड़े थे, उनके बालों और दाढ़ी की भी चेकिंग की गई। दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। तीन दिनों (8, 9 और 10 जून) में 28 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रदेश के सभी 75 जिलों में परीक्षा हो रही है। इसके लिए 1183 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसी बीच, सीएम योगी ने अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में किराए पर 50% छूट का ऐलान किया है। इसके लिए प्रवेश पत्र दिखाना होगा। रविवार रात प्रयागराज, कानपुर और लखनऊ के रेलवे और बस स्टेशनों पर अभ्यर्थियों की जबरदस्त भीड़ उमड़ी। दूसरे शहरों में परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों ने रेलवे और बस स्टेशनों पर रात बिताई। अभ्यर्थी फर्श पर सोते नजर आए। 4 तस्वीरें देखिए… सिपाही भर्ती के बारे में जानिए परीक्षा की पल-पल की अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
