अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के एबीके हाई स्कूल (ब्वायज) ने अंतरविद्यालयी प्रतियोगिता 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न खेलों और एथलेटिक्स में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। विद्यालय की टीमों ने प्रतिभा, दृढ़ संकल्प और खेल भावना का परिचय देते हुए एएमयू ़2 बॉयज स्कूल के खिलाफ क्रिकेट और हॉकी में जीत दर्ज की। फुटबॉल टीम ने भी शानदार खेल दिखाया और कड़े मुकाबले के बाद उपविजेता रही। मैच का फैसला अंततः टाई-ब्रेकर से हुआ। इनडोर खेलों में विद्यालय ने बैडमिंटन प्रतियोगिता जीतकर एक और उपलब्धि अपने नाम की। एथलेटिक्स में भी विद्यार्थियों ने सराहनीय प्रदर्शन किया। सौ मीटर दौड़ में दूसरा स्थान, जबकि दो सौ और चार सौ मीटर दौड़ में तीसरा स्थान हासिल किया। उपलब्धियां विद्यार्थियों की टीम भावना और प्रशिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन तथा प्रोत्साहन को दर्शाती हैं। रईस अहमद और मोहम्मद इमरान खान ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने, उनका उत्साह बढ़ाने और प्रतियोगिता के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य अफरोज अली ने विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों पर बधाई दी। उन्होंने उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए खेलों और जीवन के अन्य क्षेत्रों में भी उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।
